Hindi News / नितिन नबीन की टीम में झारखंड के प्रदीप वर्मा निभाएंगे अहम भूमिका, बनाए...

JHARKHAND NEWS : नितिन नबीन की टीम में झारखंड के प्रदीप वर्मा निभाएंगे अहम भूमिका, बनाए गए BJP के राष्ट्रीय मंत्री

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

भारतीय जनता पार्टी में एक बड़ा फेरबदल हुआ है। बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी यानी नेशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस नई टीम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। खास तौर पर झारखंड के राजनीतिक परिदृश्य के लिए यह खबर बेहद खास और उत्साह बढ़ाने वाली है।

सोमवार को जारी हुई इस नई राष्ट्रीय सूची के अनुसार, पार्टी ने देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों को साधते हुए कुल 16 राष्ट्रीय मंत्रियों, एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और एक राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष को शामिल किया है। लेकिन झारखंड के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि इस नई राष्ट्रीय टीम में झारखंड से राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदीप वर्मा को संगठन का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। सबसे खास बात यह है कि नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले वे झारखंड के इकलौते नेता हैं। वर्तमान में वे झारखंड प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और इससे पहले वे प्रदेश संगठन में महामंत्री का पद भी संभाल चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदीप वर्मा को उनकी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और चुनावी अनुभव का बड़ा फायदा मिला है। उन्हें बीजेपी के एक कुशल रणनीतिकार और प्रभावी संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है।

इससे पहले भी वे पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। साल 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान उन्हें महत्वपूर्ण संताल परगना क्षेत्र का प्रभार सौंपा गया था। इसके अलावा, वे पश्चिम बंगाल और बिहार विधानसभा चुनावों में भी कई क्षेत्रों के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राजनीति के साथ-साथ, वे शैक्षणिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और सरला बिरला शिक्षण संस्थान के मुख्य प्रबंधक की जिम्मेदारी भी संभालते हैं, जिसके अंतर्गत कई प्रतिष्ठित स्कूल और विश्वविद्यालय संचालित होते हैं।

प्रदीप वर्मा की इस राष्ट्रीय नियुक्ति के बाद झारखंड बीजेपी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व में उनकी मजबूत मौजूदगी से राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड बीजेपी को और अधिक धार मिलेगी और आने वाले दिनों में संगठन को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।