निकाय चुनाव : रांची प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था,एसएसपी ने विभिन्न बूथों का लिया जायजा
रांची: नगर निकाय चुनाव को लेकर रांची जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है. शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. इसी क्रम में रांची एसएसपी और कोतवाली डीएसपी समेत कई वरीय अधिकारियों ने हिंदपीढ़ी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. अधिक भीड़ होने की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने खुद बूथ केंद्र पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
एसएसपी ने हिंदपीढ़ी इस्लामी मरकज स्थित मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.एसएसपी ने बूथ पर तैनात अधिकारियों और जवानों को मतदान के बाद कैंपस खाली करने का स्पष्ट निर्देश दिया. ताकि अनावश्यक भीड़ इकट्ठा न हो सके और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में युवा मतदाता भी मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. जो कि लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है.





