Hindi News / सीबीआई ने कहा- संजीव कुमार के खिलाफ नहीं मिला कोई ठोस साक्ष्य ...

NEET-UG पेपर लीक मामला : सीबीआई ने कहा- संजीव कुमार के खिलाफ नहीं मिला कोई ठोस साक्ष्य

Edited By:  |
neet-ug peper leak mamla neet-ug peper leak mamla

पटना:NEET-UG2024 प्रश्नपत्र चोरी एवं पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI)ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया के खिलाफ ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला,जिससे इस मामले में उसकी संलिप्तता साबित हो सके. एजेंसी ने यह भी कहा कि उसे जानबूझकर बचाए जाने के आरोप पूरी तरह भ्रामक,निराधार और तथ्यहीन हैं.

सीबीआई के अनुसार,मामले की शुरुआती जांच बिहार पुलिस ने की थी. उस समय दर्ज एफआईआर में संजीव मुखिया का नाम इसलिए शामिल किया गया था क्योंकि वह पहले भी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक और चोरी से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुका था. बाद में यह मामला सीबीआई को सौंपा गया,जिसके बाद एजेंसी ने विस्तृत जांच करते हुए प्रश्नपत्र चोरी,उसके वितरण और उससे लाभ उठाने वाले लोगों की पहचान की.

सीबीआई ने बताया कि अब तक इस मामले में 45 आरोपियों के खिलाफ पटना की अदालत में कई चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. जांच के दौरान संजीव मुखिया फरार था. बाद में बिहार पुलिस ने उसे अन्य मामलों में गिरफ्तार किया.NEET-UGमामले में उसका नाम एफआईआर में होने के कारण सीबीआई ने उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की,लेकिन पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला.

इसी कारण एजेंसी ने इस मामले में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की. सीबीआई ने दोहराया किNEET-UG2024 पेपर लीक की पूरी साजिश का खुलासा किया जा चुका है और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है. एजेंसी का कहना है कि संजीव मुखिया को जानबूझकर जांच से बाहर रखने का दावा पूरी तरह गलत है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही जांच आगे बढ़ाई गई.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-