'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो और टैगलाइन जारी : 15 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा, इस दिन होगी शुरुआत

Edited By:  |
 Logo and tagline of 'Bharat Jodo Nyay Yatra' released  Logo and tagline of 'Bharat Jodo Nyay Yatra' released

NEW DELHI :कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत होने वाली है। इस यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होने वाली है। इस यात्रा का लोगो और टैगलाइन भी लांच कर दिया गया है।


'राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को लेकर राहुल गांधी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया है और लिखा है कि 'हम फिर आ रहे हैं अपनों के बीच, अन्याय और अहंकार के विरुद्ध - न्याय की ललकार लेकर. सत्य के इस पथ पर मेरी शपथ है, यात्रा जारी रहेगी, न्याय का हक, मिलने तक'। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में 6700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी।


14 जनवरी से शुरू होगी यात्रा

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 'हम 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और मुंबई में समाप्त होने से पहले देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा 110 जिलों, 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी'। इस यात्रा के रूट में अब अरुणाचल प्रदेश को भी शामिल किया गया है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश का दावा

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दावा किया था कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजनीति के लिए राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 'भारत जोड़ो यात्रा' जितनी ही परिवर्तनकारी साबित होगी। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में लाल चौक पर इसका समापन हुआ था। इस दौरान राहुल गांधी ने 4000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की।