लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ी : पटना के IGIMS में हुआ इलाज, चिकित्सकों ने एम्स, नई दिल्ली रेफर करने की दी सलाह
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स,नई दिल्ली रेफर करने की सलाह दी है. इस बीच उनकी सेहत को लेकर बिहार की राजनीति भी गरमा गई है.
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने लालू प्रसाद के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए कहा कि उनकी उम्र 79 वर्ष है और वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं,लेकिन उनका हौसला आज भी मजबूत है. उन्होंने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद भी लालू प्रसाद मजबूती से लोगों के बीच हैं और करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ है.
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार लालू प्रसाद को परेशान करती रही है. उनका कहना था कि सामाजिक न्याय और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं को विभिन्न मामलों में फंसाने की कोशिश की जाती है. उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और पुलिस की मिलीभगत से गंभीर घटनाएं हो रही है.
राजद विधायक ने लालू प्रसाद को केवल एक नेता नहीं,बल्कि एक विचार बताया. उन्होंने कहा कि जैसे डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं,उसी तरह लालू प्रसाद का सामाजिक न्याय का संदेश भी लोगों को प्रेरित करता रहेगा.
फिलहाल लालू प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है. उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





