Hindi News / 12 नगर निकायों का कूड़ा बनेगा ऊर्जा का स्रोत, पटना में 514 करोड़...

12 नगर निकायों के साथ MOU : 12 नगर निकायों का कूड़ा बनेगा ऊर्जा का स्रोत, पटना में 514 करोड़ से बनेगा 15 मेगावाट वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट

Edited By:  |
12 nagar nikayon ke sath mou 12 nagar nikayon ke sath mou

पटना: राजधानी पटना में ठोस कचरा प्रबंधन को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. पटना नगर निगम और आसपास के 12 नगर निकायों के बीच एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के तहत शनिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.

इस परियोजना के तहत पटना के चक्रबेड़िया में 514 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट स्थापित किया जाएगा. प्लांट के लिए आवश्यक भूमि पटना नगर निगम उपलब्ध कराएगा,जबकि इसके निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी री-सस्टेनेबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड,हैदराबाद निभाएगी.

परियोजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1400 मीट्रिक टन ठोस कचरे का प्रसंस्करण किया जाएगा. इसमें पटना नगर निगम से 1200 मीट्रिक टन तथा आसपास के 12 नगर निकायों से करीब 200 मीट्रिक टन कचरा लाया जाएगा. इस कचरे से प्रतिदिन 15 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा. साथ ही कंपोस्ट और जैविक खाद भी तैयार की जाएगी.

इस परियोजना में शामिल नगर निकाय पटना नगर निगम,दानापुर निजामत नगर परिषद,फुलवारी नगर परिषद,मसौढ़ी नगर परिषद,संपतचक नगर परिषद,फतुहा नगर परिषद,खगौल नगर परिषद,बिहटा नगर परिषद,बख्तियारपुर नगर परिषद,मनेर नगर परिषद,नौबतपुर नगर पंचायत,पुनपुन नगर पंचायत और खुशरूपुर नगर पंचायत हैं.

नगर निगम के अनुसार चक्रबेड़िया स्थित डंपिंग यार्ड में लेगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य भी तेजी से चल रहा है. अब तक करीब 40 एकड़ भूमि खाली कराई जा चुकी है और अगले 30 महीनों में प्लांट का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

इस परियोजना के शुरू होने से पटना और आसपास के नगर निकायों में ठोस कचरा प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी. डंपिंग यार्ड पर दबाव कम होगा,पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और कचरे से ऊर्जा उत्पादन का यह मॉडल राज्य के अन्य शहरों के लिए भी मिसाल बन सकता है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--