BIG BREAKING : रांची में दम घुटने से महिला और उसके बच्चे की मौत, 2 की हालत गंभीर
रांची: बड़ी खबर राजधानीरांची से है जहां रातू थाना क्षेत्र में दम घुटने से महिला और उसके ढाई साल के मासूम की मौत हो गई. दरअसल घर में कोयले का चूल्हा जला कर छोड़ देने की वजह से यह हादसा हुआ है. दुर्घटना में 2 अन्य लोग गंभीर हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है.
बताया जा रहा है कि रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में कोयले के चूल्हे की वजह से बड़ा हादसा सामने आया है. जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा की रहने वाली 40 वर्षीय पिंकी देवी अपने दो बच्चों और ननद के साथ चटकपुर स्थित किराये के मकान में रहा करती थी. शुक्रवार की रात पिंकी देवी ने कोयले के चूल्हे पर खाना पकाया और सभी ने एक साथ खाना भी खाया. लेकिन पिंकी देवी कोयले के चूल्हे को कमरे से बाहर निकालना भूल गई और कमरा बन्द कर सो गई. शनिवार की सुबह जब काफी देर हो जाने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला तब दरवाजे को किसी तरह से खोला गया. अंदर पिंकी देवी ,उनके दोनों बच्चे और ननद अचेत पड़े हुए थे. इसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा ही सभी को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने पिंकी देवी और ढाई साल के बेटे को मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल में डॉक्टर ने बताया कि पिंकी देवी और उनके ढाई साल के बेटे की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी. दम घुटने की वजह से दोनों की मौत हुई है. इस हादसे में पिंकी देवी का साढ़े तीन साल का बेटा और 17 साल की ननंद बेहद गंभीर स्थिति में है. दोनों का इलाज किया जा रहा है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद रातू पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन भी किया. रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि मां और बच्चे की मौत दम घुटने की वजह से हुई है. कमरे से कोयला का चूल्हा बरामद किया गया है. कमरे में वेंटिलेशन का कोई मार्ग नहीं था. इस वजह से माहौल दम घुटने वाला हो गया था. इस हादसे में मृतक पिंकी देवी की बेटी और ननद का इलाज चल रहा है.
रांची से नैयर की रिपोर्ट--





