JHARKHAND NEWS : महिला पत्रकार से बदसलूकी का आरोप: जयराम महतो के खिलाफ पत्रकारों ने फूंका पुतला, माफी की मांग
राजधानी रांची के व्यस्त अल्बर्ट एक्का चौक पर आज पत्रकारों का गुस्सा फूटा। डुमरी से विधायक जयराम महतो के खिलाफ पत्रकारों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।मामला एक महिला पत्रकार से कथित तौर पर बदसलूकी करने और उनका मेमोरी कार्ड जबरन छीनने का है। इस घटना के बाद से पूरे झारखंड के मीडिया जगत में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष जावेद अख्तर के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकार आज अल्बर्ट एक्का चौक पर इकठ्ठा हुए। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और उनका पोस्टर जलाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चौथे स्तंभ के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य मांग: पत्रकारों ने मांग की है कि विधायक जयराम महतो तुरंत इस घटना पर सामने आकर पत्रकारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि विधायक की तरफ से माफी नहीं मांगी जाती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत पत्रकार मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करेंगे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुमाग लगाएंगे।फिलहाल इस विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक और मीडिया गलियारों में सरगर्मी काफी बढ़ गई है।





