बिहार में आरक्षण पर सियासी घमासान तेज : संतोष सुमन बोले- चिराग इस्तीफा दें तो मैं भी तैयार, पहले मेरी बात समझें छोटे भाई
पटना: आरक्षण के मुद्दे पर बिहार की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM)के नेता संतोष कुमार सुमन ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की ओर से इस्तीफा देने की चुनौती को लेकर बड़ा बयान दिया है. संतोष सुमन ने कहा कि यदि चिराग पासवान इस्तीफा देकर सामने आते हैं तो वह भी उनके साथ इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं.
संतोष सुमन ने कहा कि चिराग पासवान उनके छोटे भाई हैं और पहले उन्हें उनकी बात को सही तरीके से समझना चाहिए. उन्होंने कहा कि चिराग की पार्टी बड़ी है और उनके पास संख्याबल भी अधिक है. साथ ही चिराग राजनीतिक रूप से तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसके बावजूद आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर बात को समझे बिना प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है. संतोष सुमन का यह बयान ऐसे समय आया है जब आरक्षण में वर्गीकरण और एससी-एसटी आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर बिहार में राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी लगातार बढ़ रही है. एनडीए के घटक दलों के नेताओं के बीच भी इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही है. सुमन ने अपने बयान के जरिए चिराग पासवान को सीधी चुनौती देने के साथ ही संवाद का संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि यदि चिराग इस्तीफा देने को तैयार हैं तो वह भी पीछे नहीं हटेंगे. अब उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में आरक्षण का मुद्दा और गरमाने की संभावना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





