Hindi News / झारखंड में उड़ान भरेगी स्वास्थ्य सेवा! एयर एम्बुलेंस और 1000 स्कूलों में AI...

JHARKHAND NEWS : झारखंड में उड़ान भरेगी स्वास्थ्य सेवा! एयर एम्बुलेंस और 1000 स्कूलों में AI से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड में बुनियादी सुविधाओं और विकास को नया आयाम देने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 49 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई है। स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े इन फैसलों का असर सीधा जनता पर पड़ेगा।सबसे बड़ा फैसला स्वास्थ्य क्षेत्र में लिया गया है। राज्य के सुदूर इलाकों से गंभीर मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए 'हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा (HEMS)' शुरू की जा रही है। इसके लिए सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर की सेवाएं ली जाएंगी। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल मरीज को शिफ्ट करने के लिए भी यह सुविधा मिलेगी, जिसकी दरें अलग से SOP बनाकर तय होंगी।इसके अलावा, सिकल सेल, थैलेसीमिया और टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों को बोर्ड परीक्षा में 75% अटेंडेंस की अनिवार्यता से राहत दी गई है। अब ऐसे बच्चों के लिए न्यूनतम 50% उपस्थिति ही जरूरी होगी।बात शिक्षा की करें तो झारखंड के 1000 स्कूलों में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्मार्ट कक्षाएं शुरू होंगी। अगले 5 वर्षों में लागू होने वाली इस योजना के लिए 176 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर किया गया है।शिक्षकों के लिए JCERT और सभी प्रमंडल मुख्यालयों में स्टूडियो बनेंगे, जहां से 2000 प्रशिक्षित शिक्षक वर्चुअल क्लासेस लेंगे। साथ ही, 'आदर्श विद्यालय योजना' का विस्तार अगले 5 वर्षों (2025-26 से 2029-30) के लिए कर दिया गया है।अन्य अहम फैसलों पर नजर डालें तो:

ग्रामीण इलाकों में राहत: पंचायतों में उद्योग और संस्थान बनाने के लिए सड़क की चौड़ाई की बाध्यता 9 मीटर से घटाकर 4.5 मीटर कर दी गई है।

पोषाहार वितरण: गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अगले महीने से फिर टेक होम राशन मिलेगा, पुरानी एजेंसियों को 6 महीने का एक्सटेंशन दिया गया है।

पर्यटन को बढ़ावा: गिरिडीह और दुमका में दो नए चिड़ियाघर (Zoos) बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।इसके साथ ही झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 5 कार्यदिवस होंगे।