JHARKHAND NEWS : JPSC विवाद पर बोले सीएम हेमंत सोरेन—'दोषी बख्शे नहीं जाएंगे', बीजेपी बोली—CID कार्रवाई बस एक दिखावा
झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC परीक्षा में हुई गड़बड़ी के मामले में CID की कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. कैबिनेट बैठक के बाद प्रोजेक्ट भवन में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ लहजे में कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी. इसी दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने देश के मौजूदा हालात पर भी गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि देश इस वक्त एक बेहद गंभीर दौर से गुजर रहा है, जिसका समाधान रातों-रात संभव नहीं है. दिल्ली में राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर सीएम ने कहा:"संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को हर घटना को संवेदनशीलता से देखना चाहिए. मौजूदा हालात को राजनीति नहीं, बल्कि समाधान की नज़र से देखने की जरूरत है. आने वाले समय में शासन व्यवस्था को और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार किसी दुर्भावना से काम नहीं करती. यह सरकार सत्ता पक्ष की जितनी है, उतनी ही विपक्ष और आम नागरिकों की भी है.
सीएम ने भरोसा दिलाया कि छात्र, किसान, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे हर महत्वपूर्ण क्षेत्र पर सरकार की पैनी नजर है. प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय ज़रूर लगता है, लेकिन हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा. दूसरी तरफ, मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने इस पूरी कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रदेश बीजेपी महामंत्री अमर बाउरी और JPSC के तत्कालीन चेयरमैन के इस्तीफे को लेकर सरकार पर निशाना साधा. अमर बाउरी ने कहा: "JPSC ही नहीं, बल्कि JSSC की सभी परीक्षाओं में अनियमितता हुई है. सरकार द्वारा CID की कार्रवाई सिर्फ एक दिखावा है, जो युवाओं के आक्रोश और भाजयुमो के दबाव में की जा रही है.





