JHARKHAND NEWS : हजारीबाग के बरही में 20 ट्रकों में लदे 160 मवेशी पकड़े गए, जांच में जुटी पुलिस
बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर के पास NH-19 पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 ट्रकों में लदे करीब 160 मवेशियों को रोका है। बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सभी वाहनों को रोककर जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन काफी देर से सड़क पर ही रोके गए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रकों में ले जाए जा रहे पशु गोकशी के लिए ले जाए जा रहे थे या ये दुधारू पशु हैं।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पशुओं को एक साथ लोड कर ले जाना और घंटों तक बिना उतारे रोके रखना पशु क्रूरता है। भीषण गर्मी और घुटन में बंद वाहनों में रहने से पशुओं की मौत की भी आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जांच प्रक्रिया के दौरान पशुओं को वाहनों से उतारकर पानी चारा और आराम दिया जाना चाहिए, ताकि सही तरीके से जांच हो सके।इस संबंध में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि "सूचना मिलने पर वाहनों को रोका गया है। मवेशी डॉक्टर को बुलाया गया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि पशु अवैध रूप से गोकशी के लिए ले जाना पाया गया तो विधि-सम्मत कार्रवाई कर पशुओं को जब्त किया जाएगा।"
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन ट्रकों के साथ एक महिला अधिवक्ता भी साथ चल रही थी। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पशु वैध हैं या अवैध। यदि पशु दुधारू और वैध कागजात के साथ पाए जाते हैं तो जांच के बाद वाहनों को छोड़ दिया जाएगा।





