जोहार टॉक्स का रांची में भव्य आयोजन : कशिश न्यूज़ के मंच पर जुटे राज्य के शीर्ष नेता, मंत्री, बुद्धिजीवी और जनप्रतिनिधि

Edited By:  |
Jharkhand news Jharkhand news

RANCHI : राजधानी रांची के होटल बीएनआर में मंगलवार को कशिश न्यूज़ की ओर से आयोजित "जोहार टॉक्स" कार्यक्रम झारखंड के विकास संवाद का एक जीवंत मंच बनकर उभरा। राज्य के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक पहलुओं पर केंद्रित इस आयोजन में सत्ता और विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं, मंत्रियों, विशेषज्ञों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्हें कशिश न्यूज़ झारखंड-बिहार के संपादक अनुराग ठाकुर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उद्घाटन के अवसर पर अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड अब नई ऊर्जा और नई सोच के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, “राज्य शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। यह आयोजन राज्य के सकारात्मक विमर्श को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम में संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने झारखंड सरकार की प्राथमिकताओं और चुनौतियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और गरीब वर्ग को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के लिए जारी की जाने वाली विशेष फंडिंग में कटौती की भी आलोचना की और इसे राज्य के विकास में बाधा बताया।

श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि, झारखंड के श्रमिक आज अपने अधिकारों को लेकर सजग हैं और राज्य सरकार उन्हें योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर पहुँचा रही है। हेमंत सोरेन सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि, हम टेक्नोलॉजी के सहारे दूरदराज के क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। हमारे लक्ष्य में हर नागरिक का स्वास्थ्य शामिल है।

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने शिक्षा को राज्य की रीढ़ बताते हुए कहा कि झारखंड में शैक्षणिक सुधार की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, “सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंसी न केवल झारखंड बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बन चुके हैं। हमारा उद्देश्य शिक्षा को सुलभ और गुणात्मक रूप से बेहतर बनाना है, ताकि राज्य का हर बच्चा उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़े।”

विपक्ष की भी रही दमदार मौजूदगी

कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी ने विमर्श को और व्यापक बना दिया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी, सिमरिया विधायक उज्जवल दास, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची विधायक सीपी सिंह और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मंच से अपने विचार रखे। उन्होंने सरकार की योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।

विषयों की विविधता और संवाद की गंभीरता

जोहार टॉक्स के मंच पर केवल राजनीति ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया और अपने अनुभव साझा किए। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यहां विचारधाराओं का टकराव नहीं, बल्कि समाधान की दिशा में संवाद हुआ। हर वक्ता ने झारखंड को एक सशक्त और समावेशी राज्य बनाने की भावना के साथ अपने विचार रखे।

जोहार टॉक्स केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने का एक गंभीर और सामूहिक प्रयास साबित हुआ। कशिश न्यूज़ द्वारा आयोजित यह आयोजन न केवल मीडिया की जिम्मेदारी का परिचायक है, बल्कि यह राज्य के युवाओं और समाज के हर वर्ग को सकारात्मक सोच और रचनात्मक विचारों के लिए प्रेरित करता है।

आयोजन में जुटी जनभागीदारी और विषयों की व्यापकता यह संकेत देती है कि झारखंड अब संवाद और समावेशी विकास के मार्ग पर चल पड़ा है।