JHARKHAND NEWS : स्वतंत्रता दिवस क्रॉस कंट्री दौड़: पुरुष वर्ग में सुनील और महिला वर्ग में सिलवंती सोरेन रहीं अव्वल
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पाकुड़ के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ का शुभारंभ सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क स्थित वीआईपी रोड से हुआ। उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया।क्रॉस कंट्री दौड़ में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने वीआईपी रोड से सोनाजोड़ी तक दौड़ लगाई और पुनः वीआईपी रोड पहुंचकर निर्धारित दौड़ पूरी की। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सुनील टुडु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोनई मुर्मू द्वितीय एवं नरेश मरांडी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में सिलवंती सोरेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चोनी मरांडी द्वितीय एवं बाहा मुनि हेम्ब्रम तृतीय स्थान पर रहीं।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें समाज के सकारात्मक निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते हुए प्रतिभागियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था।





