Hindi News / गढ़वा में आकाशीय बिजली का कहर: वज्रपात की चपेट में आने से दो...

JHARKHAND NEWS : गढ़वा में आकाशीय बिजली का कहर: वज्रपात की चपेट में आने से दो की मौत, एक गंभीर

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड के गढ़वा के सदर थाना क्षेत्र के बलीगढ़ गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली यानी वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।यह घटना मंगलवार शाम की है। बलीगढ़ गांव के रहने वाले तीन लोग अपने घर से कुछ दूर स्थित चेरी पोखर के पास बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश शुरू हो गई।बारिश के बीच ही अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में ये तीनों लोग आ गए। इस आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आशिक खान (उम्र 50 वर्ष, पिता- मजीद खान) और राजू भुइयां (उम्र 38 वर्ष, पिता- कमसी भुइयां) के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में मजीद खान के दूसरे पुत्र वशी खान (उम्र 55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।हादसे के बाद परिजनों ने औपचारिकताएं पूरी किए बिना ही मृतक आशिक खान के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए सीधे अपने घर ले गए। इस अचानक हुई दर्दनाक घटना के बाद पूरे बलीगढ़ गांव में मातम और शोक का माहौल पसरा हुआ है।इस पूरे मामले पर गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।