छात्रों के विरोध के बीच सीएम हेमंत का ट्वीट : सरकार छात्र हित के लिए प्रतिबद्ध और कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हो रहे
रांची:JPSC-JSSC में कथित अनियमितता के विरोध में कई दिनों से छात्रों का विरोध जारी है. छात्रों की इस लड़ाई में अब विपक्ष के सभी दल समर्थन कर रहे और सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक दबाव बना रहे हैं. हेमंत सरकार के खिलाफ छात्रों की नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने x हैंडल पर पोस्ट पर कहा कि राज्य सरकार बेहतर शिक्षा प्रणाली और व्यवस्थित परीक्षा आयोजित करवाने के लिए छात्रों से सुझाव मांगा था.'छात्रों की बात-छात्रों के साथ अभियान' के तहत करीब 8,500 से अधिक छात्रों ने अपने सुझाव दिए हैं.
ज्ञात हो कि लगातार प्रतियोगिता परीक्षा में हो रही गड़बड़ी से त्रस्त छात्र पिछले कई दिनों से जयपाल सिंह स्टेडियम में धरना पर बैठे हैं. वहीं,समय-समय पर सरकार पर दबाव बनाने के लिए और प्रतियोगिता परीक्षा की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए प्रदर्शन भी कर रहे हैं.
सदन के अंदर मुख्यमंत्री लगातार छात्रों की मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन भी दे रहे. बावजूद छात्र परीक्षा रद्द करने और सभी परीक्षाओं की सीबीआइ से जांच की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं की ओर से OMR, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, तकनीक के बेहतर उपयोग और JPSC सहित दोनों आयोगों में संवैधानिक दायरे में आवश्यक सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हो रहे हैं.





