JHARKHAND NEWS : विधायक जयराम महतो पर भड़का पुलिस एसोसिएशन, 5 दिन के भीतर गिरफ्तारी का अल्टीमेटम
झारखंड में राजनेता और पुलिस प्रशासन के बीच का टकराव अब तूल पकड़ता जा रहा है। डुमरी से विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज, धमकी और तोड़फोड़ के मामले में अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन भी खुलकर मैदान में आ गया है।मामला 21 अगस्त की रात का है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने आरोप लगाया है कि विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया था। आरोप है कि इस दौरान विधायक ने बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि "सरकार बदलने के बाद जिस थाने में रहोगे, वहां खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा।"
विवाद यहीं नहीं थमा। एसोसिएशन का कहना है कि उसी रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, कार्यालय के सामान को तितर-बितर किया गया और थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी तोड़ दी गई। इस घटना के संबंध में बरवाअड्डा थाने में मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है।रांची जिला शाखा के अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने जनप्रतिनिधि के इस आचरण पर गहरी नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का यह भी आरोप है कि विधायक की तरफ से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ तथ्यहीन बयान और अमर्यादित वीडियो जारी किए जा रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह का आचरण खाकी की गरिमा को ठेस पहुंचाता है।बढ़ते दबाव के बीच झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय ने विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है, जिसका रांची जिला शाखा ने भी पूरा समर्थन किया है।
दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बीच जयराम महतो का पक्ष भी सामने आया है। वायरल ऑडियो विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने साफ कहा है कि "सिर कट जाएगा पर माफी नहीं मांगूंगा, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।" इस मामले में अब विधायक की डिस्चार्ज पिटीशन पर सुनवाई के लिए अगली तारीख 25 सितंबर मुकर्रर की गई है।बहरहाल, एक तरफ जहां पुलिस एसोसिएशन सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस टकराव ने हलचल बढ़ा दी है।





