Hindi News / विदेश में रहते प्रशिक्षण में उपस्थिति, बच्चे के जन्मदिन भी स्कूल में दर्ज...

गोपालगंज में शिक्षिका की फर्जी हाजिरी का खुलासा : विदेश में रहते प्रशिक्षण में उपस्थिति, बच्चे के जन्मदिन भी स्कूल में दर्ज मिली हाजिरी

Edited By:  |
gopalganj mai shikshika ki farjee hajiri ka khulasa gopalganj mai shikshika ki farjee hajiri ka khulasa

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में एक शिक्षिका की फर्जी हाजिरी का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. मामला थावे प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मुकेरी टोला से जुड़ा है. विद्यालय की शिक्षिका सना रेयाज पर विदेश में रहने के दौरान प्रशिक्षण में उपस्थिति दर्ज कराने और स्कूल में भी फर्जी हाजिरी बनाने का आरोप लगा है.

जांच रिपोर्ट के अनुसार,शिक्षिका सना रेयाज 21 जनवरी 2017 को सऊदी अरब गई थीं और 30 मार्च 2017 को वापस लौटी थीं. आरोप है कि इस अवधि के दौरान वह विदेश में थीं,लेकिन थावे में चल रहे डीएलएड प्रशिक्षण में उनकी उपस्थिति दर्ज की गई. प्रशिक्षण में 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य थी. जांच में आशंका जताई गई है कि इस अनिवार्य उपस्थिति को पूरा दिखाने के लिए फर्जी तरीके से हाजिरी दर्ज की गई.

मामला यहीं नहीं रुका. जांच में यह भी सामने आया कि 2 नवंबर 2017 को शिक्षिका के पुत्र का जन्म हुआ था,लेकिन उसी दिन विद्यालय में उनकी उपस्थिति दर्ज मिली. जांच के दौरान शिक्षिका द्वारा मातृत्व अवकाश लिए जाने का भी कोई साक्ष्य नहीं मिला.

इन तथ्यों के सामने आने के बाद शिक्षिका की हाजिरी और प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले की जांच डीडीसी गौरव कुमार ने की है. उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है.

अब रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. माना जा रहा है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित विभाग आगे की कार्रवाई करेगा. मामले ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों की उपस्थिति और प्रशिक्षण रिकॉर्ड की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

संजय कुमार की रिपोर्ट--