जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार : नेताओं-कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का दिया निर्देश
पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष,बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार को जदयू प्रदेश कार्यालय,पटना पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां मौजूद वरीय नेताओं से संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनसुनवाई कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी ली.
नीतीश कुमार के प्रदेश कार्यालय पहुंचते ही बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. इस दौरान पूरा कार्यालय परिसर‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’के नारों से गूंज उठा. उन्होंने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की,उनका हाल-चाल जाना और उनका अभिवादन स्वीकार किया.
इस दौरान नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने पर जोर दिया. उन्होंने पिछले दो दशकों में बिहार में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रियता के साथ काम करने का निर्देश दिया.
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला. प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और स्वागत से पार्टी के अंदर उत्साह का माहौल नजर आया.
इस मौके पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह पार्टी कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ सहित जदयू के वरीय नेता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. नीतीश कुमार ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ काम करने का संदेश दिया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





