Hindi News / पटना जीपीओ में 5.42 करोड़ के घोटाले पर ईडी का शिकंजा, 3 डाककर्मी...

BREAKING NEWS : पटना जीपीओ में 5.42 करोड़ के घोटाले पर ईडी का शिकंजा, 3 डाककर्मी निलंबित

Edited By:  |
breaking news breaking news

Patna :पटना जीपीओ में5.42करोड़ रुपये से अधिक के बचत बैंक घोटाले की जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. प्रवर्तन निदेशालय की जांच में सामने आया है कि घोटाले के आरोपित मुन्ना कुमार और उनके स्वजन के फ्रीज किए गए बैंक खातों को कथित तौर पर अनफ्रीज किया गया और इसके बाद उन खातों से लाखों रुपये की निकासी हुई.

मामले की जानकारी ईडी की ओर से डाक विभाग के बिहार सर्किल को पत्र के माध्यम से दी गई. ईडी की सूचना मिलने के बाद डाक विभाग में भी कार्रवाई शुरू की गई. बिहार सर्किल कार्यालय ने इस संबंध में पटना जीपीओ को पत्र भेजा. इसके आधार पर गुरुवार को तीन डाककर्मियों को निलंबित कर दिया गया.

निलंबित होने वालों में एपीएम मनोज कुमार,जितेंद्र पासवान और राजीव कुमार शामिल हैं. विभागीय स्तर पर अब यह जांच की जा रही है कि फ्रीज किए गए खातों को किस प्रक्रिया के तहत अनफ्रीज किया गया और खाते से रकम निकालने की अनुमति कैसे मिली?

पटना जीपीओ का यह मामला पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर है. बचत बैंक से जुड़े इस घोटाले में सरकारी राशि के बड़े स्तर पर गबन का आरोप है. अब फ्रीज खातों से निकासी का मामला सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है.

ईडी इस पूरे प्रकरण में धन शोधन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि घोटाले की रकम कहां-कहां इस्तेमाल या स्थानांतरित की गई. वहीं,डाक विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मचारियों की भूमिका और जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में है. मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना बनी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-