इनामी अपराधी भोला सिंह को लाया गया बाढ़ : पेशी के बाद 14 दिनों की न्याय हिरासत में हुआ जेल,सीबीआई ने किया था गिरफ्तार
पटना:जिले के पंडारक निवासी कुख्यात एवं तीन लाख का इनामी अपराधी भोला सिंह को बंगाल से बाढ़ लाया गया है. बता दें कि16 मई को सीबीआई ने गुजरात के सूरत से इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया था. उन्हे बंगाल से हाथीदह स्टेशन तक ट्रेन से लाया गया है. जिसके बाद हाथीदह स्टेशन से बाढ़ थाना सड़क मार्ग से लाया गया. बाढ़ थाना में उन्हें रखा गया है, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच बाढ़ कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया. वहां से 14 दिनों की न्याय हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया.
सीबीआई ने कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के दो व्यक्तियों के अपहरण से जुड़े एक पुराने मामले में की थी. पिछले 12 साल से फरार चल रहा भोला सिंह सूरत में अपनी पहचान बदलकर 'गौतम' और 'अमित शर्मा' के नाम से रह रहा था. बिहार के विभिन्न थानों में उस पर हत्या और रंगदारी समेत 11 गंभीर मामले दर्ज हैं.
अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले भोला सिंह CRPF का जवान था,जहां उसने कमांडो की ट्रेनिंग भी ली थी. करीब दो दशक से अधिक समय तक अपराध जगत में सक्रिय रहे भोला सिंह का नाम बिहार के बाहुबली और पूर्व जेडीयू विधायक अनंत सिंह के साथ दोस्ती और अदावत से जुड़ा रहा है. भोला सिंह पर विवेका पहलवान के भाई संजय सिंह की हत्या का भी आरोप है.





