हाथी की बची जान : बुंडू के सारयाद गांव में कुएं में गिरने पर घंटों फंसा रहा गजराज,रेस्क्यू ऑपरेशन में बची जान
बुंडू:सोनाहातु थाना क्षेत्र अंतर्गत सारयाद गांव में एक नन्हा हाथी अचानक कुएं में गिर गया था, मासूम हाथी की जान समय रहते बचा ली गई. हाथी के कुएं में गिरने के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी थी. सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सावधानीपूर्वक हाथी को कुएं से बाहर निकाला. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पूरी सतर्कता बरती गई, ताकि हाथी को किसी तरह की चोट न पहुंचे. काफी प्रयासों के बाद आखिरकार हाथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
इधर, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से पहले कुएं के मालिक ने मुआवजे की मांग कर दी. इस बात को लेकर कुछ देर तक नोंक-झोंक भी हुई. करीब दो घंटे तक वन विभाग और मालिक के बीच नोंक-झोंक होती रही. अंततः वन विभाग ने जब एक लाख रुपये मुआवजे के तौर पर भुगतान किया, तब जाकर रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया.
जेसीबी मशीन और अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया. रेस्क्यू के बाद हाथी को वापस जंगल की ओर भेज दिया गया.





