फल्गु नदी में फिर बहेगा धाराप्रवाह पानी : केंद्र सरकार ने नदी पुनर्जीवन और उड़ाही को लेकर तेज की तैयारी
NEWS DESK:बिहार केगया की मोक्षदायिनी फल्गु नदी के पुनर्जीवन को लेकर बड़ी पहल सामने आई है. फल्गु नदी में दोबारा धाराप्रवाह पानी लाने और इसके पुराने स्वरूप को बहाल करने की दिशा में केंद्र सरकार के स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक हुई. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे.
बैठक में फल्गु नदी की स्थिति,इसके पुनर्जीवन और उड़ाही से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई. जानकारी के अनुसार,जल्द ही फल्गु नदी की उड़ाही का काम शुरू किए जाने की तैयारी है. इस पहल का उद्देश्य नदी के जल प्रवाह को बेहतर करना और फल्गु को उसके प्राकृतिक स्वरूप के करीब लाना है.
फल्गु नदी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व गया के लिए बेहद खास है. देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया पहुंचते हैं और फल्गु नदी के तट पर धार्मिक अनुष्ठान एवं पिंडदान करते हैं. ऐसे में नदी के पुनर्जीवन की योजना को गया के धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बैठक के बाद कहा गया कि अब केवल सड़कों को जोड़ने तक सीमित नहीं रहना है,बल्कि नदियों को भी जोड़ने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में काम किया जाएगा. फल्गु नदी की उड़ाही से जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गयाजी के समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई है. फल्गु नदी के पुनर्जीवन की यह पहल गया के विकास के साथ-साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए भी अहम मानी जा रही है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





