दिव्यांगजन महोत्सव, 2026 का आयोजन : मंत्री मदन सहनी ने 65 लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से दिया प्रोत्साहन राशि

Edited By:  |
divyangjan mahotsav,2026 ka aayojan divyangjan mahotsav,2026 ka aayojan

पटना : बिहार के दिव्‍यांग कलाकारों को अपने हुनर एवं कलात्‍मक क्षमताओं के प्रदर्शन हेतु मंच प्रदान करने के उद्येश्‍य से दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, समाज कल्‍याण विभाग, बिहार द्वारा दिव्‍यांगजन महोत्‍सव, 2026 का आयोजन शुक्रवार को राष्‍ट्रीय नृत्य कला मंदिर, पटना में किया गया. अपने स्वरुप में राज्‍य में प्रथम बार आयोजित कार्यक्रम का समाज कल्‍याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने उद्घाटन किया.

कार्यक्रम के दौरान नवस्वीकृत योजना दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 71वीं संयुक्‍त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले 65 अभ्‍यर्थियों को डीबीटी के माध्यम से प्रति लाभार्थी 50-50 हजार रूपये की दर से रुपये 32,50,000/- अंतरित की गई तथा इस अवसर पर दस लाभार्थियों को डमी चेक भी प्रदान किया गया. इसके साथ-साथ पटना जिले के दस लाभार्थियों को सहायक उपकरण एवं बैट्री चालित ट्राईसाईकिल भी वितरित किया गया.

इस अवसर पर बन्‍दना प्रेयषी,सचिव,समाज कल्‍याण विभाग, योगेश कुमार सागर,निदेशक,दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, शैलेश कुमार,अंतर्राट्रीय पैरा-एथलीट (हाई जंप),गोल्डी कुमारी,अंतर्राष्ट्रीय पैरा-एथलीट (शॉट पुट,डिस्‍कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो), दिवाकर शर्मा (सा रे गा मा पा एवं राईजिंग स्‍टार फेम),डॉ० शिवाजी कुमार,अध्‍यक्ष,बिहार पैरा स्‍पोर्ट्स एसोसिएशन,विभिन्‍न विभागीय पदाधिकारीगण,दिव्‍यांगता प्रक्षेत्र में कार्यरत विभिन्‍न संस्‍थानों के प्रतिनिधिगण तथा बच्‍चे एवं अभिभावकगण आदि उपस्थित थे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि दिव्‍यांगजन को सहानुभूति नहीं बल्कि अवसर और सम्‍मान की आवश्‍यकता है. दिव्‍यांगजन महोत्‍सव का मुख्‍य उद्येश्‍य दिव्‍यांगजनों की रचनात्‍मक उत्‍कृष्‍टता को प्रदर्शित करने हेतु मंच उपलब्‍ध कराना है. राज्‍य सरकार दिव्‍यांगजनों के स्‍वाबलंबन एवं उनके कल्‍याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उसके लिए विभाग के स्‍तर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं. वर्ष 2025-26 में दिव्‍यांगजनों के हितों के मद्देनज़र विभाग द्वारा दो नई योजनाएं दिव्‍यांगजन सिविल सेवा प्रोत्‍साहन योजना तथा मुख्‍यमंत्री दिव्‍यांगजन उद्यमी योजना का क्रियान्‍वयन प्रारंभ किया गया है. इसके साथ-साथ मुख्‍यमंत्री दिव्‍यांगजन छात्र योजना'संबल'अंतर्गत पात्र दिव्‍यांगजनों को पूर्व से नि:शुल्‍क प्रदान किये जाने वाले सहायक उपकरणों एवं बैट्री चालित ट्राईसाइकिल की निर्धारित पात्रता एवं शर्तों में आंशिक संशोधन को स्‍वीकृति दी गयी ताकि राज्‍य के अधिक से अधिक दिव्‍यांगजनों को लाभान्वित किया जा सके. विभाग के द्वारा नि:शुल्क प्रदान किए जाने वाले सहायक उपकरण विशेष रुप से बैट्री चालित ट्राईसाइकिल से उन्हे शिक्षा एवं रोजगार प्राप्त करना आसान हुआ है. सरकार दिव्‍यांगजनों तक शैक्षणिक सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्येश्‍य से भी कई महत्‍वपूर्ण कदम उठा रही है.

इस अवसर पर बन्‍दना प्रेयषी,सचिव,समाज कल्‍याण विभाग ने कहा कि राज्‍य में प्रथम बार दिव्‍यांगजन महोत्‍सव का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन की परिकल्‍पना इस बात पर आधारित है कि दिव्‍यांगजन किसी भी क्षेत्र में सामान्‍य नागरिक से कमतर नहीं है. हमने विगत वर्षो में देखा है कि दिव्‍यांगता प्रभावित व्‍यक्तियों ने शिक्षा,कला,खेल-कूद,प्रशासनिक क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का राष्‍ट्रीय एवं अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर प्रदर्शन किया है,जो हम सभी के लिए प्रेरणादायक है. उन्‍होंने दिव्‍यांगजन महोत्‍सव,2026 के अवसर पर मौजूद शैलेश कुमार,अंतर्राट्रीय पैरा-एथलीट (हाई जंप), गोल्डी कुमारी,अंतर्राट्रीय पैरा-एथलीट (शॉट पुट,डिस्‍कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो), दिवाकर शर्मा (सा रे गा मा पा फेम) इस बात के साक्षी है दिव्‍यांगजन अपनी प्रतिभा, इच्‍छाशक्ति और साहस से चुनौतियों से पार पाने में सक्षम है. उन्‍होंने कहा कि समाज कल्‍याण विभाग दिव्‍यांगजनों के सामाजिक,आर्थिक एवं शैक्षणिक स्‍वाबलंबन के लिए लागातार प्रयासरत है तथा इसी कड़ी में दिव्‍यांग कलाकारों को उनकी प्रतिभा और हुनर के प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करने के उद्येश्‍य से आज दिव्‍यांगजन महोत्‍सव,2026 का आयोजन किया जा रहा है. विगत एक वर्ष के दौरान दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय,समाज कल्‍याण विभाग द्वारा दिव्‍यांगजनों के हितार्थ कई महत्‍वपूर्ण पहल किये गए हैं. इसके तहत राज्यव्यापी दिव्यांगजन खेल प्रतियोगिता,2025 तथा अंतर्राट्रीय दिव्‍यांगजन दिवस,2025 के अवसर पर पहली बार दो दिवसीय राज्‍यस्‍तरीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया,जिसमें बडी संख्‍या में दिव्‍यांगजनों ने भागीदारी कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया. उन्‍होंने कहा कि समाज कल्‍याण विभाग दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है तथा उन्‍हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्‍न कार्रवाई कर रही है. राज्‍य सरकार समाज कल्‍याण विभाग के माध्‍यम से राज्‍य के दिव्‍यांगजनों के कल्‍याण एवं सशक्तिकरण हेतु विभिन्‍न लाभकारी योजनाओं का क्रियान्‍वयन कर रही है. इस क्रम में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छात्र योजना'सम्बल'के अंतर्गत दिव्‍यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराया जाना,यूडीआईडी की उपलब्धता सुनिश्चित करना,दिव्‍यांगजन सिविल सेवा प्रोत्‍साहन योजना,मुख्यमंत्री दिव्यांगजन उद्यमी योजना आदि का क्रियान्‍वयन,बिशेष विद्यालयों,पुनर्वास गृहों का संचालन प्रभावी तरीके से किया जा रहा है.

इस अवसर पर योगेश कुमार सागर,निदेशक,दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय ने हर्ष व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि दिव्‍यांगजन महोत्‍सव दिव्‍यांग कलाकारों को उनकी कलात्‍मक क्षमता और हुनर के प्रदर्शन के लिए एक नये अवसर की राह प्रशस्‍त करेगा. उन्‍होंने कहा कि दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय,समाज कल्‍याण विभाग द्वारा विगत एक वर्षो में कई ऐसे महत्‍वपूर्ण कदम उठाये गये हैं जो दिव्‍यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए अहम साबित होने वाला है. इस कड़ी में विभिन्‍न सांस्‍कृतिक,शैक्षिक एवं खेल-कूद आयोजन के साथ-साथ नई योजनाओं का भी शुभारंभ किया गया है,जिसका प्रभावी रूप से क्रियान्‍वयन प्रारंभ कर दिया गया है. उन्‍होंने महोत्‍सव में भागीदारी करने वाले प्रतिभागियों को उनकी उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की शुभकामनाएं दी.

इस अवसर पर शैलेश कुमार,अंतर्राट्रीय पैरा-एथलीट (हाई जंप), गोल्डी कुमारी,अंतर्राट्रीय पैरा-एथलीट (शॉट पुट,डिस्‍कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो), दिवाकर शर्मा (सा रे गा मा पा एवं राईजिंग स्‍टार फेम),डॉ० शिवाजी कुमार,अध्‍यक्ष,बिहार पैरा स्‍पोर्ट्स एसोसिएशन ने भी संबोधित किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया.

दिव्‍यांगजन महोत्‍सव के दौरान दिवाकर शर्मा (सा रे गा मा पा एवं राईजिंग स्‍टार फेम) ने अपने गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्‍ध कर दिया. कार्यक्रम के दौरान राजकीय मूक एवं बधिर (बालिका) वि‌द्यालय,गायघाट,पटना के छात्राओं द्वारा समूह नृत्‍य,राजकीय मूक एवं बधिर (बालक) विद्यालय,महेन्‍द्रु,पटना के छात्रों द्वारा समूह नृत्‍य,आशादीप विकलांग पुनर्वास केन्‍द्र (मूक-बधिर विद्यालय),पटना द्वारा समूह नृत्‍य,उमंग बाल विकास आवासीय विकलांग प्रशिक्षण संस्‍थान के छात्रों द्वारा देश भक्ति गीत,बधिर महिला फाउंडेशन ऑफ बिहार के प्रतिनिधियों द्वारा गणेश वन्‍दना,दिव्‍यांग विकास मंच के कलाकारों द्वारा गायन,प्रगति,किलकारी,पटना द्वारा गायन,नवल किशोर शर्मा एवं टीम द्वारा लोक संगीत एवं गायन की प्रस्‍तुति के साथ-साथ फैशन शो का भी आयोजन किया गया.

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्‍मान स्‍वरूप प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--