बजट सत्र : कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रिक्शा पर बैठकर पहुंची विधानसभा,इरफान अंसारी चला रहे थे रिक्शा
रांची:झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज 14वां दिन है. प्रथम पाली में प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रश्न विधायकों की तरफ से सदन में पूछे जाएंगे. जबकि, द्वितीय पाली में महिला बाल विकास, समाज कल्याण विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा होगी.
वहीं,सदन शुरू होने से ठीक पहलेइंडिया गठबंधन के विधायकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की अनोखे अंदाज में रिक्शा पर बैठकर विधानसभा पहुंची.स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी खुद रिक्शा चला रहे थे. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.मंत्रियों ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि देश गर्त में जा रहा है.केंद्र की गलत विदेश नीति की वजह से लोगों पर बुरा असर पड़ रहा है. आम लोग पेट्रो-डीजल और एलपीजी गैस तक के लिए परेशान हो रहे हैं.महंगाई और बेरोजगारी से आम आदमी के हाल बेहाल हैं.
गैस सिलेंडर के बैनर पोस्टर के साथ प्रदर्शन
विधानसभा के मुख्य द्वार पर आज रसोई गैस की कीमत को लेकर सत्ता पक्ष के विधायक और मंत्रियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया. इस दौरान गैस सिलेंडर का बैनर पोस्टर लिए एलपीजी गैस को दर्शाते हुए विरोध किया गया. बैनर पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पैर के नीचे घुटने टेकते हुए दिखाया गया. प्रदर्शनकारी विधायकों का कहना है कि ट्रंप और मोदी की दोस्ती के कारण ही प्रदेश में गैस की कीमत में बढ़ोतरी हुई है.कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने भी केंद्र सरकार को दोषी करार दिया. मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गैस की कीमत लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए.
प्रदर्शनकारियों के सामने नीरा यादव का विरोध
वहीं, इस दौरान बीजेपी विधायक नीरज यादव भी पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों के सामने ही जमकर विरोध किया और कहा कि इन लोगों को प्रधानमंत्री का अपमान करने का अधिकार नहीं है. सत्ता पक्ष के विधायक और मंत्रियों का ड्रामा है.





