बिहार सरकार का बड़ा फैसला : राज्य की प्रमुख सड़कों का नाम साधु-संतों एवं आस्था स्थलों के नाम पर रखा जाएगा, विश्वामित्र सेना ने बताया बड़ी जीत
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की सड़कों के नामकरण को लेकर बड़ा ऐलान किया है. अब राज्य की प्रमुख सड़कों का नाम धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के साधु-संतों एवं आस्था स्थलों के नाम पर रखा जाएगा. इस फैसले के बाद विश्वामित्र सेना ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि पटना से बक्सर तक बनने वाली सड़क का नाम विश्वामित्र पथ होगा. वहीं उत्तर बिहार को जोड़ने वाली सड़क का नाम गंगा अंबिका पथ और गोपालगंज तक बनने वाली सड़क का नाम भगवान नारायणी पथ रखा जाएगा. सरकार का कहना है कि इस पहल से बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विश्वामित्र सेना ने फैसले का स्वागत किया है. विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार कुमार चौबे ने कहा कि यह विश्वामित्र सेना के लंबे संघर्ष की जीत है. उन्होंने कहा कि उनकी संस्था वर्षों से धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के अनुरूप सड़कों के नामकरण की मांग कर रही थी,कहा कि बिहार को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है. उनका कहना है कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों की पहचान के अनुरूप सड़कों का नामकरण होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, साथ ही बिहार की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी. उन्होंने कहा कि विश्वामित्र सेना आगे भी बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए अपना अभियान जारी रखेगी.





