Hindi News / सहयोग शिविर से गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच हुई सुनिश्चित - मंत्री श्रवण कुमार

BIHAR NEWS : सहयोग शिविर से गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच हुई सुनिश्चित - मंत्री श्रवण कुमार

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना :पूर्वी चंपारण जिला के केसरिया प्रखंड के गोछी कुशहर पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. यहां जनसमुदाय को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत "सबका सम्मान-जीवन आसान" निश्चय के तहत बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है. इनके माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण किया जा रहा है. यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है. इस पहल से“सरकार आपके द्वार”की अवधारणा साकार हो रही है. आगे कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े.

शिविर में 385 आवेदनों का हुआ निपटारा

जिले के 25 प्रखंडों के कुल 69 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. गोछी कुशहर पंचायत के सहयोग शिविर में कुल 422 आवेदन प्राप्त हुए थे,जिसमें से 385 का निष्पादन कर दिया गया. बचे हुए 37 आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का मंत्री ने निर्देश दिया है. मंत्री ने यहां नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं,शिकायतों एवं आवश्यकताओं को भी सुना. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर/सहयोग पोर्टल के माध्यम से जिला में कुल 13,000 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 12,000 से अधिक आवेदनों से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है.

शिविर में प्रभारी मंत्री ने 80 जीविका समूह की दीदियों को बैंक सहायता ऋण के रूप में 5 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक दिया. कुल 6 श्रमिकों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किया. शिविर के दौरान समेकित बाल विकास योजना (आईसीडीएस) के सौजन्य से गोद भराई एवं अन्नप्राशन का आयोजन भी किया गया.

लोगों में सहयोग शिविर को लेकर उत्साह है - विधायक

केसरिया की विधायक शालिनी मिश्रा ने सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है. लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है. जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार के निर्देशों का सत प्रतिशत अनुपालन करा रही है एवं आगे जो भी निर्देश प्राप्त होंगे उन सभी पर भी मजबूती से कार्य किया जाएगा. आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है.

इस मौके पर वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार,जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के निदेशक जयराम चौरसिया,प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित केसरिया प्रखंड के अन्य पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे.