Hindi News / सरायकेला के JLKM प्रवक्ता ने कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न समस्याओं से कराया...

राज्यपाल को ज्ञापन : सरायकेला के JLKM प्रवक्ता ने कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न समस्याओं से कराया अवगत

Edited By:  |
rajyapal ko gyapan rajyapal ko gyapan

सरायकेला:खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर JLKM पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता बिष्णु पद महतो उर्फ विद्रोही बिष्णु ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है. ईमेल में भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कुकड़ू एक स्वतंत्र प्रखंड होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण विभाग अतिरिक्त प्रभार के सहारे संचालित हो रहे हैं. अंचल अधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत कई पदों पर नियमित पदस्थापना नहीं होने से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.


करोड़ों की लागत से तैयार थानाऔर जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात का भी जिक्र

विद्रोही बिष्णु ने 2016 में कुकड़ू प्रखंड कार्यालय के पास तैयार कुकड़ू थाना भवन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से थाना भवन का निर्माण होने के बावजूद आज तक वहां से थाना संचालन शुरू नहीं किया गया है. इससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जरूरतें प्रभावित हो रही है. साथ ही ज्ञापन में जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात का भी उल्लेख किया गया है. उन्होंने कहा कि हाथियों द्वारा किसानों की फसलें लगातार नष्ट की जा रही है,जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

किसानों को फसल क्षति का नहीं मिला उचित मुआवजा

वहीं, चांडिल डैम के पूर्ण डूबी क्षेत्र में आने वाले गांवों के किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा भी नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने राज्यपाल से कुकड़ू प्रखंड में रिक्त महत्वपूर्ण पदों पर नियमित नियुक्ति, कुकड़ू थाना का शीघ्र संचालन और हाथी प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत और मुआवजा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. विद्रोही बिष्णु ने कहा कि कुकड़ू की जनता वर्षों से प्रशासनिक उपेक्षा और बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जिनका शीघ्र समाधान किया जाए.