Hindi News / योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार - स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार

BIHAR NEWS : योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार - स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:21 जून 2026 को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य आयुष समिति,स्वास्थ्य विभाग,बिहार द्वारा पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसके अतिरिक्त लोक भवन,पटना तथा उच्च न्यायालय परिसर पटना में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yog for Healthy Ageing" "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" निर्धारित की गई है. इस थीम के माध्यम से लोगों को बढ़ती उम्र में बेहतर स्वास्थ्य,सक्रिय जीवनशैली और मानसिक संतुलन के लिए योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य के सभी जिलों,प्रखंडों सहित आयुष केंद्रों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. साथ ही योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए विभिन्न सहभागिता एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी.

निशांत ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं,बल्कि शरीर,मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक प्रभावी जीवन पद्धति है. नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक,मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक होता है.

उन्होंने कहा कि स्वस्थ बिहार के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है. विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को कम करने,जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में योग अत्यंत लाभकारी सिद्ध होता है.

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) संचालित हैं,जहां आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को उपचार एवं आयुष औषधियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. इन केंद्रों पर नियमित योगाभ्यास कराया जाता है तथा औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों के गुणों एवं उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी दी जाती है.

उन्होंने कहा कि राज्य के आयुर्वेद महाविद्यालयों में पंचकर्म चिकित्सा की सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है,जिससे लोगों को आयुर्वेद आधारित गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो रहा है. स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-