BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने भूमि अधिग्रहण एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में उद्योग विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ भूमि अधिग्रहण तथा आधारभूत संरचना विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की.
बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति,निवेश परियोजनाओं की प्रगति तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने शहरी विकास योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि उपलब्धता/भू-अर्जन की प्रक्रिया,टाउन प्लानिंग का स्वरूप के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया.
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए उद्योगों के लिए आवश्यक भूमि एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तेजी से सुनिश्चित करायें. भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करायें तथा किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा को तत्काल दूर किया जाए. निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें.
मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग को निर्देश दिया कि प्रस्तावित औद्योगिक एवं शहरी विकास क्षेत्रों में समेकित आधारभूत संरचना विकसित करने की कार्य योजना पर तेजी से काम करें और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. भूमि पहचान,भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण के कार्य की प्रक्रिया तेज करें. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्रों एवं सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने हेतु नियमित समीक्षा करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश,औद्योगिक विकास एवं शहरीकरण से संबंधित सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए. सरकार का उद्देश्य है कि बिहार को औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएं.
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह,नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह,उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह,सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे,एम०एस०एम०ई० के निदेशक अमन समीर,उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





