Hindi News / पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना, बोधगया के पर्यटन...

BIHAR NEWS : पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना, बोधगया के पर्यटन विकास को बताया प्राथमिकता

Edited By:  |
bihar news bihar news

बोधगया: बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शुक्रवार को विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन किए और राज्य तथा देश की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान उन्होंने यहां की धार्मिक गरिमा,सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की.

मंदिर पहुंचने पर बीटीएमसी के सचिव डॉ महाश्वेता महारथी,बौद्ध भिक्षुओं और मंदिर प्रबंधन ने मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया. गर्भगृह में मंत्री ने भगवान बुद्ध को पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की. इस दौरान बौद्ध भिक्षुओं द्वारा सूत्रपाठ एवं मंगलकामना की गई.

मंत्री ने पवित्र बोधि वृक्ष का भी दर्शन किया और उसके ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने मंदिर के इतिहास,आगंतुक सुविधाओं तथा परिसर के रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की.

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गया और बोधगया को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने प्रस्तावित महाबोधि कॉरिडोर परियोजना को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उनका कहना था कि महाबोधि मंदिर विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसके विकास से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी.

विजिटर बुक में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मंत्री ने लिखा कि ज्ञान और शांति की इस पावन भूमि पर आकर उन्हें आत्मिक सुख और विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई.

दौरे के अंत में मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें बोधि वृक्ष का फ्रेमयुक्त पत्ता,महाबोधि महाविहार की स्थापत्य एवं मूर्तिकला विरासत पर आधारित पुस्तक तथा अन्य स्मृति-चिह्न भेंट किए गए. मंत्री ने भगवान बुद्ध के जीवन और उपदेशों को दर्शाने वाली‘लीजेंड्स ऑफ द बुद्धा’पेंटिंग की भी विशेष प्रशंसा की.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट