BIHAR NEWS : मोतिहारी में पुलिस ने शराब पार्टी करते हुए 5 लोगों को होटल संचालक के साथ पकड़ा
मोतिहारी: बड़ी खबर मोतिहारी से है जहां पुलिस ने होली से पहले शराब पार्टी करते हुए 5 लोगों को एक होटल संचालक के साथ गिरफ्तार कर लिया है. छतौनी थाना के सिमरन होटल में होली की शराब पार्टी चल रही थी.
बताया जा रहा है कि होटल में खान पान के साथ जाम छलकाया जा रहा था जिसमें पांच लोग एक कमरे में बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे. इसकी सूचना जब जिला प्रशासन को मिली तब प्रभारी एसडीओ अरुण कुमार एएसपी हेमंत सिंह और सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में रेड मारकर शराब पार्टी कर रहे 5 लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं इन लोगों के पास से 80 हजार रुपए नगद राशि भी बरामद हुई है. साथ ही टेबल पर शराब की गिलास भी पुलिस को मिली है. वैसी स्थिति में पुलिस ने पांचों को हिरासत में लेकर इसकी जांच शुरू कर दी है.
मामले में प्रभारी एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है. हर पहलू की जांच की जा रही है. वहीं प्रशिक्षु एएसपी हेमंत सिंह ने कहा कि होली को लेकर शहर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में मोतिहारी के छतौनी थाना इलाके में सिमरन होटल में शराब पार्टी की सूचना मिली. इसके बाद जांच की गई तो पांच लोग शराब पार्टी करते हुए पकड़े गये. सभी की जांच की जा रही है.





