Hindi News / CAIT बिहार के प्रदेश अध्यक्ष ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, विशेष वातानुकूलित...

BIHAR NEWS : CAIT बिहार के प्रदेश अध्यक्ष ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, विशेष वातानुकूलित कंटेनर रेल सेवा शुरू करने की मांग की

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) बिहार चैप्टर के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर बिहार से देश के चारों प्रमुख महानगरों— दिल्ली, मुंबई, चेन्नई एवं कोलकाता तक विशेष वातानुकूलित कंटेनर रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग की है.

रेलमंत्री को भेजे अपने पत्र में अशोक वर्मा ने कहा कि बिहार एक कृषि आधारित राज्य है तथा यहां बड़ी मात्रा में सब्जियों, फलों एवं अन्य कृषि उत्पादों का उत्पादन होता है. राज्य से कृषि उत्पादों के निर्यात की अपार संभावनाएं होने के बावजूद आधुनिक कोल्ड-चेन एवं वातानुकूलित परिवहन सुविधा के अभाव में किसानों एवं व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

उन्होंने कहा कि हरी सब्जियों एवं शीघ्र खराब होने वाले कृषि उत्पादों के सुरक्षित परिवहन हेतु विशेषRefrigerated / Air Conditionedकंटेनर रेल सेवा अत्यंत आवश्यक है. यदि भारतीय रेलवे द्वारा बिहार से महानगरों तक आधुनिक कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक नेटवर्क विकसित किया जाता है,तो इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा,कृषि उत्पादों की गुणवत्ता एवं ताजगी बनी रहेगी तथा निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा.

अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि इस पहल से बिहार में रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर उत्पन्न होंगे तथा भारतीय रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेल मंत्री किसानों एवं व्यापारियों के हित में इस विषय पर सकारात्मक पहल करेंगे.

CAIT बिहार चैप्टर ने केंद्र सरकार एवं भारतीय रेलवे से मांग की है कि बिहार की कृषि क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने हेतु शीघ्र विशेष वातानुकूलित कंटेनर रेल सेवा प्रारंभ की जाए.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--