11 दिवसीय महारुद्र महायज्ञ का शुभारंभ : हाथी-घोड़ों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, सीएम के आगमन की चर्चा से बढ़ी हलचल
गयाजी- गया जिले के गुरुआ प्रखंड अंतर्गत ढिबरा गांव स्थित स्टेडियम परिसर में गुरुवार से 11 दिवसीय श्री श्री 108 श्री महारुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। हाथी, घोड़े और ऊंटों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की झलक से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सुबह बाबा बैजूधाम से हजारों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाज और पूजा-अर्चना के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। आयोजन स्थल को भव्य तरीके से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।कलश यात्रा में शामिल गुरुआ विधायक उपेंद्र दांगी ने कहा कि यज्ञ समाज और वातावरण में शांति स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में यज्ञ का विशेष महत्व रहा है और इसके जरिए विश्व कल्याण तथा सुख-शांति की कामना की जाती है। वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे दौर में धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और रचनात्मक सोच पैदा करते हैं।
वहीं आयोजन समिति से जुड़े बिहार सरकार के अति पिछड़ा आयोग के सदस्य अमित दांगी ने बताया कि यह महायज्ञ लगातार 11 दिनों तक चलेगा। इस दौरान रामलीला, प्रवचन, कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अयोध्या और वृंदावन से साधु-संत, आचार्य और कलाकार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं।उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति को मजबूत करना और लोगों को धर्म एवं संस्कारों से जोड़ना है। शाम से प्रवचन और धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।अमित दांगी ने यह भी बताया कि कार्यक्रम में कई बड़े नेताओं के आने की संभावना है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण दिया है और जल्द ही उनके आगमन को लेकर अंतिम निर्णय हो सकता है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की खबर से इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है।
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट





