BIHAR NEWS : आसान भाषा में जानिए, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से कैसे होगा छात्रों की समस्याओं का समाधान?
पटना : शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए बिहार के छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 17 अगस्त 2026 को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया. पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने और उनका समयबद्ध समाधान करने के लिए यह व्यवस्था बनाई जा रही है. परीक्षाओं में विद्यार्थियों का विश्वास सर्वोपरि है. बिहार में परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित करने की घोषणा भी की गई है.

आसान भाषा में जानिए
सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से 25 अगस्त से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा. यदि निर्धारित मंगलवार को अवकाश रहता है, तो यह शिविर अगले कार्य दिवस पर लगाया जाएगा.

छात्रों की शिकायतों पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होने पर 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्वतः नोटिस जारी किया जाएगा. साथ ही, शिकायत दर्ज होने की तिथि से अधिकतम 30 दिनों के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से छात्र कभी भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज कर सकते हैं. शिकायत के निष्पादन के बाद आवेदक को इसकी लिखित सूचना भी दी जाएगी.
विद्यार्थी सहयोग व्यवस्था से जुड़ी सहायता के लिए “1100 हेल्पलाइन” का भी उल्लेख किया गया है. ऑनलाइन प्रक्रिया में समस्या आने पर टोल-फ्री नंबर 1100 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. राज्य सरकार पहले से ही विभिन्न स्तरों पर शिकायतों के समाधान के लिए सहयोग शिविर आयोजित कर रही है. अब छात्र समस्याओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होने से शिकायत निवारण की प्रक्रिया को और व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है.
ऐसे करें आवेदन
विद्यार्थी अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज कराने के लिए‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर जा सकते हैं. शिकायत दर्ज करने के लिए पोर्टल पर‘New Complaint’विकल्प पर क्लिक करना होगा.
इसके बाद विद्यार्थी को अपनी व्यक्तिगत जानकारी और शिकायत से संबंधित विवरण भरना होगा. अपनी समस्या को स्पष्ट शब्दों में दर्ज करने के बाद पोर्टल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार शिकायत सबमिट की जा सकेगी. यदि शिकायत से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य प्रमाण उपलब्ध है,तो उसे भी पोर्टल पर अपलोड किया जा सकता है.
शिकायत दर्ज होने के बाद विद्यार्थी उसकी स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे. इसके लिए पोर्टल पर‘Complaint Status’का विकल्प दिया गया है. इसके अलावा‘User Login’, ‘Send Reminder’और‘Feedback’जैसे विकल्प भी उपलब्ध हैं.
यह पोर्टल केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं है. विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सकारात्मक और रचनात्मक सुझाव भी इसके माध्यम से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं.
पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है. इससे विद्यार्थी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रख सकेंगे.
जेडी वीमेंस कॉलेज की छात्रा ने क्या कहा?
आज हमारे कॉलेज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के आगमन से मुझे बहुत खुशी हुई. छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है. इस पहल के लिए मैं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं. धन्यवाद.
पिंकी कुमारी,जे.डी. विमेन्स कॉलेज
छात्रा,पांचवें सेमेस्टर
आज हमारे कॉलेज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आए थे. उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की है. यह बिहार में अपनी तरह की पहली पहल है, जिससे छात्रों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी. इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मैं मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं.
डॉली कुमारी
छात्रा,जे.डी. विमेन्स कॉलेज





