BIHAR NEWS : स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लाखों युवाओं के सपनों को मिली उड़ान

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : 2 अक्टूबर 2016 को शुरु की गई बिहार मुख्यमंत्री स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना लाखों छात्र-छात्राओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनकर उभरी है. नीतीश कुमार की सात निश्चय पहल के तहत शुरू की गई इस योजना से अब तक बड़ी संख्या में युवाओं को उच्च शिक्षा का अवसर मिला है.

योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज पर चार लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर छात्र-छात्राओं ने बीटेक, एमबीबीएस, मैनेजमेंट के साथ-साथ फैशन डिजाइनिंग और मास कम्युनिकेशन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी की है. इसके बल पर बिहार के युवा आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.

योजना से लाभान्वित युवाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री की यह पहल उनके शैक्षणिक सपनों के लिए वरदान साबित हुई है. आर्थिक सहयोग मिलने से वे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से पढ़ाई पूरी कर आज विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

बीटेक करके अमेरिका व इंगलैंड में महत्वपूर्ण पद पर आसीन

राजधानी पटना के रहने वाले विशाल वैभव योजना का लाभ लेकर देश की प्रतिष्ठित संस्था बीआईटी वेल्लोर से बीटेक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं. साल 2024 में अमेरिका के टेक्सॉस व 2025 में इंग्लैंड के लंदन शहर में एक बड़ी वैश्विक ऊर्जा प्रौद्योगिकी कंपनी में महत्वपूर्ण पद पर अपना योगदान दे रहे हैं. बात-चीत करने पर उन्होंने बताया कि साल 2017 में उन्होंने बीआईटी की प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लिया. कॉलेज की सेमिस्टर फीस को पूरा करने के लिए उन्होंने पटना छज्जूबाग स्थित डीआरसीसी कार्यालय से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड ऋण के लिए अप्लाई किया. आज वे अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका की प्रतिष्ठित ऊर्जा कंपनी में काम कर रहे हैं.

परिस्थिति ने बिगाड़ा,योजना ने संवारा

देश की प्रतिष्ठित संस्थान निफ्ट में फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रहे सुमन कुमार ने बताया कि उनका बचपन से सपना रहा कि वे फैशन डिजाइनर बनें,लेकिन घर की कमजोर आर्थिक परिस्थितियों ने उनके सपनों को पूरा करने में कठिनाईयों का सामना करने के लिए मजबूर कर दिया. सुमन कुमार साल 2024 में निफ्ट की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लाभ लेकर वर्तमान में निफ्ट शिलांग में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रहे हैं.

मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी कर सिविल सेवा की तैयारी

राजधानी पटना की श्रेया सिन्हा ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठाकर सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में उच्च शिक्षा प्राप्त की है. उन्होंने बताया कि पढ़ाई पूरी होते ही उन्हें कई प्रतिष्ठित मीडिया चैनलों से प्रेजेंटर के रूप में कार्य करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए. वर्तमान में वे स्नातक उपरांत सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं.

नीतीश कुमार की सात निश्चय पहल के अंतर्गत संचालित यह योजना हजारों युवाओं के शैक्षणिक सपनों को साकार कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूती प्रदान कर रही है.