जमुई में भीषण सड़क जाम : गिद्धौर–जमुई मुख्य मार्ग पर घंटों फंसे रहे वाहन, प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल
जमुई : जिले के गिद्धौर–जमुई मुख्यमार्ग पर सोमवार दोपहर बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. मुख्य सड़क से लेकर कुमार सुरेन्द्र सिंह स्टेडियम व थाना चौक होते हुए पेट्रोल पंप तक लगभग दो घंटे से अधिक समय तक वाहन रेंगते नजर आए. इससे आम लोगों को काफी परेशानी हुई.
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से लेकर शाम के व्यस्त समय में अचानक बालू लदे भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है. संकरी सड़क और अनियंत्रित पार्किंग ने समस्या को और गंभीर कर दिया. सड़क जाम में एम्बुलेंस,स्कूल वाहन,बाइक सवार और दैनिक यात्री सभी फंसे रहे. वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी हुई,जिससे लोगों में काफी आक्रोश देखा गया.
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि रोड जाम के दौरान न तो यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था दिखी और न ही प्रशासन की ओर से कोई त्वरित पहल की गई. स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि गिद्धौर बाजार में जाम की समस्या अब आम बात हो गई है,लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है.
लगातार रोड जाम और अव्यवस्थित तरीके से गुजरते बालू ट्रकों के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध रोक,वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तथा नियमित ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस पहल की जाए,ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से निजात मिल सके.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट -





