BIHAR NEWS : शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, अब 31 मई तक चलेगा नामांकन अभियान
पटना :नये अकादमिक सत्र में 6 से 14 वर्ष के बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए 31 मई तक राज्य में नामांकन अभियान चलाया जाएगा. इसको लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के पास पत्र भेजकर अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
विदित हो कि नये अकादमिक सत्र 2026-27 में प्रत्येक 6 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का उसके पोषक क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में अनिवार्य रूप से नामांकन सुनिश्चित करने के लिए पिछले माह 30 दिनों का अभियान चलाया गया था. इस अभियान के दौरान कक्षा 1,कक्षा 6 और कक्षा 9 में बच्चों का नामांकन कराया गया. समीक्षा के दौरान पाया गया कि चलाये गए नामांकन अभियान के बावजूद काफी बच्चे अभी भी नामांकन से वंचित रह गए हैं. इसको देखते हुए शिक्षा विभाग ने नामांकन अभियान चलाने की तिथि विस्तारित करते हुए 31 मई कर दिया है.
प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने सभी डीईओ के पास भेजे गए पत्र में कहा है कि सभी विद्यालय से बाहर के शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि गृहवार सर्वेक्षण के माध्यम से बच्चों का नामांकन कराया जाए. वहीं जिन विद्यालयों में वर्ष 2025-26 की तुलना में कम नामांकन हुआ है उन विद्यालयों से जवाब तलब कर कार्रवाई की जाए.





