Hindi News / बिहार में 30 जून तक शत-प्रतिशत CMR चावल आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त...

BIHAR NEWS : बिहार में 30 जून तक शत-प्रतिशत CMR चावल आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव दीपक आनंद की अध्यक्षता में बुधवार को“रबी विपणन मौसम 2026-27”अंतर्गत मसूर अधिप्राप्ति तथा“खरीफ विपणन मौसम 2025-26”अंतर्गत सीएमआर (CMR)चावल आपूर्ति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में विभाग के विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी,विशेष कार्य पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी,बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार सहित निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. इसके अतिरिक्त सहकारिता विभाग, NAFEDएवंNCCFके पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने सीएमआर चावल आपूर्ति की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अनुश्रवण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि हर हाल में 30 जून,2026 तक शत-प्रतिशत सीएमआर चावल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना(PMGKAY)एवं अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के लाभार्थियों की अरवा एवं उसना चावल की वास्तविक माँग का अध्ययन करा कर 30 जून 2026 तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया.

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों तक समय पर निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही,अनियमितता अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

इसके अतिरिक्त सचिव ने“रबी विपणन मौसम 2026-27”अंतर्गत मसूर अधिप्राप्ति अभियान की समीक्षा करते हुए मिशन मोड में खरीददारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसानों से अधिकाधिक मसूर अधिप्राप्ति सुनिश्चित कर उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उपलब्ध कराया जाए.

विभाग के सचिव से प्रतिदिन जनप्रतिनिधियों एवं आगंतुकों से मिलने का समय अपराह्न एक से दो बजे निर्धारित किया गया है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--