BIHAR NEWS : पटना में नालसा पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम,श्रमिकों को मिला वित्तीय सहायता का चेक
पटना:शहर के उर्जा ऑडिटोरियम में नालसा योजना-2015 के विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में हाईकोर्ट केचीफ जस्टिस संगम कुमार साहू, मुख्य संरक्षक, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष और बिहार न्यायिक अकादमी द्वारा दीप प्रज्वलित कर जागरूकता कार्यक्रम का उदघाटन किया गया.
असंगठित क्षेत्र के लगभग 500दैनिक श्रमिक शामिल हुए.इस अवसर पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता का चेक दिया गया. चीफ जस्टिस एवं उनकी पत्नी और जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद द्वारा श्रमिकों/लाभार्थियों को चेक प्रदान किया गया.कई श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड का भी लाभ इस कार्यक्रम में प्रदान किया गया. कार्यक्रम के दौरान चीफ जस्टिस के द्वारा नालसा योजना एवं श्रमिकों को निःशुल्क विधिक सहायता की पूर्णता जानकारी दी गई.
बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई. जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद ने योजनाओं के तहत श्रमिकों के अधिकारों को बताया. सदस्य सचिव, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं दीपक आनंद सचिव, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा भी स्कीम की जानकारी दी गई.
श्रम अधीक्षक सुश्री नेहा आर्या द्वारा असंगठित श्रमिकों से संबंधित सभी योजनाओं की जानकारी साझा की गयी. पल्लवी आनंद, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पटना द्वारा कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया.
कार्यक्रम में पटना हाईकोर्ट के कई जज, पवन कुमार पाण्डेय, सदस्य सचिव, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रुपेश देव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दीपक आनंद, सचिव, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग मौजूद रहे.
हाईकोर्ट रजिस्ट्री के पदाधिकारी, पटना न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे.





