BIHAR NEWS : डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने 15 अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, सभी को दी बधाई
पटना : राजधानी के सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग सभागार में बुधवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री (जल संसाधन) विजय कुमार चौधरी ने कुल15अभियर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए. इनमें6नवनियुक्त सहायक अभियंता तथा अनुकम्पा के आधार पर6निम्नवर्गीय लिपिक तथा3कार्यालय परिचारी शामिल हैं.
कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री, विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं नवनियुक्त अभ्यर्थियों का स्वागत किया.
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त सहायक अभियंताओं एवं कर्मियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, "आज से आप सभी जल संसाधन विभाग परिवार का अभिन्न अंग बन गए हैं. विभाग मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करता है और किसानों तथा आम जनता को सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराता है. ऐसे में आप सभी से अपेक्षा है कि पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें."
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रियता और कार्यकुशलता से ही विभाग की छवि सुदृढ़ होती है. उन्होंने नवनियुक्त सहायक अभियंताओं से विशेष रूप से कहा कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएँ.
उन्होंने अनुकम्पा के आधार पर नियुक्त कर्मियों से कहा कि यह विभाग की संवेदनशीलता का परिचायक है कि सेवाकाल के दौरान किसी कर्मचारी के निधन के बाद उनके आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति प्रदान की जाती है. उन्होंने इस प्रक्रिया को तत्परता से पूरा करने वाले क्षेत्रीय एवं मुख्यालय के अधिकारियों की भी सराहना की.
समारोह में विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भी सभी नवनियुक्त सहायक अभियंताओं एवं कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उनहोंने अभ्यर्थियों से कहा कि "आपसे उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है और अपने दायित्वों के निर्वहन में विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा."
इस अवसर पर अभियंता प्रमुख ब्रजेश मोहन, तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, संयुक्त सचिव अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





