Hindi News / बिहार में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत 153 नए कलाकारों को स्वीकृति

BIHAR NEWS : बिहार में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत 153 नए कलाकारों को स्वीकृति

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत गुरुवार को 153 नए कलाकारों के पेंशन प्रस्ताव को अनुमोदित किया. इसके साथ ही योजना के अंतर्गत लाभुक कलाकारों की कुल संख्या अब 411 हो गई है. इससे पूर्व 258 कलाकार इस योजना से लाभान्वित हो रहे थे. नए स्वीकृत कलाकारों को मई माह से पेंशन राशि का लाभ प्रदान किया जाएगा.

मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना राज्य के उन कलाकारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है,जिन्होंने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. इस योजना के अंतर्गत पात्र कलाकारों को ₹3000 प्रतिमाह पेंशन राशि उपलब्ध कराई जाती है. योजना के माध्यम से लोक कलाकारों,रंगकर्मियों,गायकों,वादकों तथा विभिन्न पारंपरिक कला विधाओं से जुड़े कलाकारों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है.

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के आर्थिक संबल और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि पात्र कलाकारों को समय पर सहायता उपलब्ध हो तथा योजना की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाए,ताकि दूर-दराज क्षेत्रों के कलाकार भी इसका लाभ प्राप्त कर सकें.

उन्होंने कहा कि बिहार की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने में कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और सरकार उनके योगदान का सम्मान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--