Hindi News / बिहार में एक करोड़ रोजगार सृजन के लक्ष्य पर विभागों से मांगी गई...

BIHAR NEWS : बिहार में एक करोड़ रोजगार सृजन के लक्ष्य पर विभागों से मांगी गई रिपोर्ट

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नई नौकरियों और रोजगार सृजन के लक्ष्य को लेकर विभागीय स्तर पर रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में सभी कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. विभाग के संयुक्त सचिव-सह-नोडल पदाधिकारी अवधेश नंदन सिन्हा की ओर से जारी पत्र में योजनाओं से होने वाले रोजगार सृजन का आंकड़ा उपलब्ध कराने को कहा गया है.

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने आगामी पांच वर्षों यानी 2025 से 2030 की अवधि में एक करोड़ नौकरी/रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया है. इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं में कार्यरत पदाधिकारी, कर्मचारी, मजदूर आदि से संबंधित आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है.

भवन निर्माण विभाग ने अपने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया है कि उनके प्रमंडल के अंतर्गत संचालित योजनाओं में अगस्त 2026 के दौरान कार्यरत पदाधिकारी, कर्मी और मजदूरों से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराई जाए. अगस्त माह की रिपोर्ट 17 अगस्त 2026 तक विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण विभाग एक कार्य विभाग है और इसके अंतर्गत संचालित योजनाओं में कार्यरत कर्मियों एवं मजदूरों से संबंधित आंकड़े रिपोर्ट में दर्ज किए जाने हैं. वर्तमान रिपोर्ट में यदि किसी श्रेणी में आंकड़ा शून्य है तो उसे भी विभागीय मानकों के अनुसार दर्ज करना होगा.

साथ ही निर्देश दिया गया है कि निर्धारित प्रपत्र में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाए और मांगी गई सूचना समेकित रूप से विभाग को उपलब्ध कराई जाए. विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों से इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए समयसीमा के भीतर रिपोर्ट भेजने को कहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--