BIHAR NEWS : BPSC ने कदाचार मामले में 3 अभ्यर्थियों पर 5 साल के लिए लगाया बैन, नहीं दे सकेंगे कोई परीक्षा
पटना:बिहार लोक सेवा आयोग यानीBPSCने कदाचार के मामले में तीन अभ्यर्थियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. आयोग ने तीनों अभ्यर्थियों को पांच साल के लिए डिबार कर दिया है. अब ये अभ्यर्थी 6 अगस्त 2031 तकBPSCकी किसी भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे.
मामला सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की लिखित परीक्षा से जुड़ा है. इस पद के लिए कुल 60 रिक्तियों के विरुद्ध 23 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा के दौरान तीन अभ्यर्थियों पर अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने यानी कदाचार में शामिल होने का आरोप लगा था.
आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की. जांच और संबंधित पक्षों से प्राप्त तथ्यों के आधार परBPSCने तीनों अभ्यर्थियों को पांच वर्षों के लिए अपनी परीक्षाओं से वंचित करने का फैसला लिया.
आयोग के इस निर्णय का सीधा असर तीनों अभ्यर्थियों की आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में भागीदारी पर पड़ेगा. वे निर्धारित अवधि के दौरानBPSCकी किसी भी परीक्षा में आवेदन कर परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे.
BPSCकी परीक्षाओं में कदाचार और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को लेकर आयोग लगातार सख्ती का संदेश देता रहा है. प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया जाता है.
तीन अभ्यर्थियों पर हुई इस कार्रवाई को इसी सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है. आयोग के फैसले से यह स्पष्ट है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
BPSCकी ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच भी संदेश गया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता या कदाचार भारी पड़ सकता है और इसका असर भविष्य की सरकारी नौकरी की परीक्षाओं पर भी पड़ सकता है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





