जमशेदपुर में बीजेपी का हल्लाबोल : विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और धांधली का विरोध,हेमंत सरकार इस्तीफा दो के लगे नारे
जमशेदपुर: विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और धांधली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी ने जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने और प्रदर्शन में शामिल युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की. आंदोलन के पहले दिन 8 अगस्त को राजधानी रांची में भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता डीसी कार्यालय पहुंचे हैं.
साकची स्थित बीजेपी जिला कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने “भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराओ”,“युवाओं पर मुकदमे वापस लो” और “हेमंत सरकार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए.
बीजेपी जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि छात्र और बीजेपी दोनों सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन हेमंत सरकार जांच कराने को तैयार नहीं दिख रही. इससे साफ जाहिर होता है कि इस पूरे मामले में कई बड़े लोग शामिल हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और बीजेपी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी. पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.





