बेरमो JMM कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा : दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू को नम आंखों से श्रद्धांजलि,उनके धनी व्यक्तित्व को किया याद
बेरमो: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. मंगलवार को करगली गेट स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा नगर कार्यालय में नगर अध्यक्ष दीपक कुमार महतो के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. सभा का माहौल बेहद गमगीन और भावुक रहा. दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कई लोगों की आंखें नम हो गई. हर चेहरे पर मायूसी और दिल में उनके असमय चले जाने का दर्द साफ नजर आया.
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन सिर्फ एक जनप्रतिनिधि का जाना नहीं,बल्कि झारखंड ने एक मिलनसार,नेकदिल और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाने वाले नेता को खो दिया है.उनका असमय निधन परिवार, संगठन और प्रदेश के लिए गहरा सदमा है,जिसकी भरपाई आसान नहीं.
वक्ताओं ने कहा कि कुछ लोग अपने पद से नहीं, बल्कि अपने किरदार, व्यवहार और लोगों के प्रति अपनापन से दिलों में जगह बनाते हैं. सुदिव्य कुमार सोनू भी ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी थे.उनकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी. उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस मुश्किल घड़ी में सब्र और हिम्मत देने की कामना की. तस्वीर पर फूल चढ़ते रहे, आंखों से आंसू निकलते रहे.शब्द कम पड़ गए, मगर दिल का दर्द बहुत कुछ कह गया.सूदिव्य सोनू आज हमारे बीच नहीं हैं,लेकिन उनकी यादें और जनसेवा की उनकी छाप हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी.





