BIHAR NEWS : दिल्ली में पुलिस द्वारा बिहार के युवा की हत्या चिंताजनक और निंदनीय - भाकपा
पटना: नई दिल्ली में खगड़िया के युवक की दिल्ली पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या की घटना पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने दुख व्यक्त किया है.
रामनरेश पाण्डेय ने कहा है कि नई दिल्ली में खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र निवासी पाण्डव कुमार और उनके एक मित्र की दिल्ली पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या की खबर अत्यंत दुखद और चिंताजनक है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी इस घटना की निंदा करती है और दोषी पुलिस को सेवा से बर्खास्त करने एवं कड़ी से कड़ी सजा देने तथा मृतक के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग करती है.
भाकपा राज्य सचिव ने बयान जारी कर कहा कि सूचना मिली है कि सोमवार की देर रात्रि दिल्ली पुलिस में कार्यरत हेड कांस्टेबल नीरज कुमार ने बिहारी कह कर गालियाँ दी और फिर दोनों युवक को गोली मार दी. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी इस घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करती है. दोषी चाहे कोई भी हो,उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
भाकपा राज्य सचिव ने भाजपा शासित राज्यों में बिहार के लोगों पर लगातार जुल्म और अत्याचार की घटना की सूचना मिलती रही है. अब पुलिस के लोग भी अत्याचार और हत्या करने पर उतर आयी है. दिल्ली में भाजपा की सरकार है और दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अंदर आती है, जिसके मुखिया अमित शाह हैं. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी केंद्र सरकार से दिल्ली की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी पुलिस पर सख्त कार्रवाई करने और देश के सभी राज्यों में बिहार के लोगों की सुरक्षा की गारंटी करने की मांग करती है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-





