Hindi News / नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षदों के साथ किया विभिन्न स्थलों का निरीक्षण, दिए...

BIHAR NEWS : नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षदों के साथ किया विभिन्न स्थलों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : आगामी मानसून को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा जलजमाव एवं जलनिकासी संबंधी समस्याओं की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है.

नगर आयुक्त ने शुक्रवार को नूतन राजधानी अंचल एवं बांकीपुर अंचल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर मानसून पूर्व तैयारियों,नाला उड़ाही कार्यों तथा जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्डों के पार्षदगण एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे.

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 19 स्थित वर्धमान क्षेत्र में पाया गया कि पुल निर्माण निगम द्वारा चलाए जा रहे निर्माण कार्यों के दौरान एक महत्वपूर्ण मैनहोल क्षतिग्रस्त हो गया है. इसके कारण मीठापुर बी-टाइप एवं वार्ड संख्या 18 के आसपास जलनिकासी प्रभावित हो रही है तथा जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है. नगर आयुक्त ने समस्या के स्थायी समाधान हेतु पुल निर्माण निगम एवं बुडको को प्राथमिकता के आधार पर नए मैनहोल का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को आवश्यकतानुसार पंप अधिष्ठापन कर जलनिकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

वार्ड संख्या 16 में झुनझुन महल जनता रोड से बाइपास तक निर्माणाधीन सड़क परियोजना का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को 15 जून तक परियोजना का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया,ताकि मानसून के दौरान स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

वार्ड संख्या 15 के ब्रह्मस्थान क्षेत्र में बुडको द्वारा निर्माणाधीन बॉक्स ड्रेन परियोजना का भी निरीक्षण किया गया. नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पूर्व शेष सभी कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए,जिससे क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो और वर्षा जल का निर्बाध निकास सुनिश्चित किया जा सके.

निरीक्षण के दौरान कदमकुआं,भंवर पोखर सहित अन्य क्षेत्रों में चल रहे नाला उड़ाही कार्यों की भी समीक्षा की गई. नगर आयुक्त ने स्वयं मौके पर सिल्ट लेवल की जांच कर सफाई कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया तथा अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

वार्ड संख्या 36 स्थित पीरमुहानी सम्प के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बुडको के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 जून तक बाकरगंज नाला में मौजूद सभी अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह को पूरी तरह सुचारु किया जाए. उन्होंने कहा कि पीरमुहानी सम्प का प्रभावी संचालन क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. विदित है कि बाकरगंज नाला-सह-सड़क परियोजना के अंतर्गत कुछ स्थलों पर निर्माण कार्यों के कारण जल प्रवाह को अस्थायी रूप से अवरुद्ध किया गया है. मानसून को देखते हुए सभी अवरोधों को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया गया है,ताकि आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो.

वार्ड संख्या 38 में ए.एन. पथ एवं कांग्रेस मैदान क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क की पिचिंग के दौरान पूर्व से निर्मित कई मैनहोल ढंक दिए गए हैं,जिससे भविष्य में जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी क्षतिग्रस्त एवं ढंके हुए मैनहोलों को तत्काल चिह्नित कर उन्हें दुरुस्त कराने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 15 के पार्षद शशिभूषण,वार्ड संख्या 16 के पार्षद जय प्रकाश सिंह,वार्ड संख्या 19 की पार्षद शारदा देवी,वार्ड संख्या 36 के पार्षद राजकपूर शर्मा तथा वार्ड संख्या 38 के पार्षद आशीष कुमार सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे.

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा जलनिकासी व्यवस्था को पूर्णतः सुचारु बनाते हुए नागरिकों को जलजमाव से राहत प्रदान करने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--