Hindi News / राजगीर-सासाराम में बनाए जाएंगे दो नए रेलवे सब-डिवीजन

बिहार में बढ़ेगा रेलवे सुरक्षा का दायरा : राजगीर-सासाराम में बनाए जाएंगे दो नए रेलवे सब-डिवीजन

Edited By:  |
bihar mein badhega railway suraksha ka daira bihar mein badhega railway suraksha ka daira

पटना:बिहार में बढ़ते रेल नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या के साथ रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को भी विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस मुख्यालय के रेलवे प्रभाग ने राज्य में नए रेलवे सब-डिवीजन, रेल सर्किल और रेल थानों के गठन का प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद राज्य में रेलवे पुलिस का प्रशासनिक ढांचा और मजबूत होगा।

प्रस्ताव के अनुसार राजगीर और सासाराम में दो नए रेलवे सब-डिवीजन बनाए जाएंगे। इसके साथ राजगीर, थावे, खगड़िया और पूर्णिया में चार नए रेल सर्किल गठित करने की योजना है। वहीं,हिलसा,राजेंद्रनगर टर्मिनल और कुर्सेला में तीन नए रेल थाने खोलने का प्रस्ताव है।

राजेंद्रनगर टर्मिनल पर रेल थाना बनाने का प्रस्ताव खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां से तेजस, राजधानी एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन होता है। नए थानों और सर्किलों के गठन से यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेलवे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बेहतर होने की उम्मीद है।

वर्तमान में बिहार में करीब 1337 ट्रेनों का आवागमन होता है। इनकी सुरक्षा के लिए पटना, मुजफ्फरपुर, कटिहार और जमालपुर समेत चार रेल जिले हैं। इनके तहत 12 सब-डिवीजन, 17 रेल सर्किल और 68 रेल थाने काम कर रहे हैं।

प्रस्ताव लागू होने के बाद सब-डिवीजन की संख्या 12 से बढ़कर 14, रेल सर्किल 17 से बढ़कर 21 और रेल थाने 68 से बढ़कर 71 हो जाएंगे। इसके साथ रेलवे पुलिस बल में नए पद सृजित करने की भी तैयारी है। वंदे भारत, तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनों और डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को देखते हुए सुरक्षा तंत्र मजबूत करने की इस कवायद को अहम माना जा रहा है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट