Hindi News / अब 14 सितंबर को होगा चालक सिपाही बहाली के लिए ड्राइविंग टेस्ट

केंद्रीय चयन परिषद : अब 14 सितंबर को होगा चालक सिपाही बहाली के लिए ड्राइविंग टेस्ट

Edited By:  |
kendriya chayan parishad kendriya chayan parishad

पटना:बिहार में चालक सिपाही बहाली की प्रक्रिया से जुड़ी बड़ी खबर है. लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की भारी वाहन चालन दक्षता परीक्षा अब 14 सितंबर को आयोजित की जाएगी. केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की ओर से इसकी नई तिथि जारी कर दी गई है.

पहले 103 अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट 2, 3 और 5 सितंबर को प्रस्तावित था,लेकिन पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में पानी जमा हो जाने के कारण निर्धारित तिथियों पर परीक्षा नहीं हो सकी.अब परिषद ने इन अभ्यर्थियों के लिए 14 सितंबर की तारीख तय की है.

जारी सूचना के अनुसार, 14 सितंबर को ड्राइविंग टेस्ट सुबह 7 बजे से शुरू होगा. पहले चरण में सुबह 7 बजे से 37 अभ्यर्थियों की भारी वाहन चालन दक्षता परीक्षा होगी. इसके बाद सुबह 9 बजे 34 अभ्यर्थी टेस्ट देंगे. वहीं, तीसरे चरण में सुबह 11 बजे से 32 अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा.

चालक सिपाही भर्ती की चालन दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू हुई थी. भर्ती अभियान के तहत कुल 4,361 पदों पर चालक सिपाहियों की नियुक्ति की जानी है. इसके लिए आयोजित लिखित परीक्षा में करीब 12 हजार अभ्यर्थी सफल हुए हैं.

अब सफल अभ्यर्थियों के लिए ड्राइविंग टेस्ट भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है.इसमें अभ्यर्थियों की भारी वाहन चलाने की दक्षता का परीक्षण किया जाएगा. परिषद ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर पहुंचने और जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं.

परीक्षा की नई तारीख जारी होने के बाद उन 103 अभ्यर्थियों को राहत मिली है,जिनका टेस्ट जलजमाव के कारण स्थगित करना पड़ा था. अब सभी संबंधित अभ्यर्थियों की नजर 14 सितंबर की ड्राइविंग दक्षता परीक्षा पर है.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट